भारत 26 जनवरी 2026 को अपना 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह और गौरव के साथ मनाएगा. राजधानी नई दिल्ली में इंडिया गेट के समीप कर्तव्य पथ पर भव्य परेड का आयोजन किया जाएगा. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रीय ध्वज फहराकर मुख्य समारोह की शुरुआत करेंगी. यह आयोजन देश की एकता, शक्ति और लोकतांत्रिक परंपराओं का प्रतीक माना जाता है.
हर वर्ष की तरह इस बार भी लाखों लोग ठंड के बावजूद राजधानी में पहुंचकर या अपने घरों में टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए परेड का सीधा प्रसारण देखेंगे. परेड में तीनों सेनाओं की झांकियां, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और राज्यों की झांकियां देश की विविधता और सामर्थ्य को दर्शाएंगी.
गणतंत्र दिवस परेड 26 जनवरी, सोमवार को कर्तव्य पथ पर सुबह 9:30 बजे शुरू होगी. इसका लाइव टेलीकास्ट सुबह 8 बजे से दूरदर्शन, ऑल इंडिया रेडियो, उनके यूट्यूब चैनलों और विभिन्न सरकारी वेबसाइटों पर किया जाएगा.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या यानी रविवार को राष्ट्र के नाम अपना संबोधन देंगी. राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान के अनुसार यह संबोधन शाम 7 बजे आकाशवाणी के सभी राष्ट्रीय चैनलों पर प्रसारित होगा. दूरदर्शन पर इसे पहले हिंदी और फिर अंग्रेजी में दिखाया जाएगा, जिसके बाद क्षेत्रीय चैनलों पर विभिन्न भाषाओं में इसका प्रसारण किया जाएगा. आकाशवाणी भी अपने क्षेत्रीय नेटवर्क पर अगले दिन सुबह 9:30 बजे से राष्ट्रपति के संबोधन को क्षेत्रीय भाषाओं में प्रसारित करेगा.













