झारखंड की राजधानी रांची और इसके आसपास के इलाकों के अलावा अन्य जिलों में 20 और 21 मार्च को ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने आंधी और वज्रपात की चेतावनी भी दी है.
20 और 21 मार्च के लिए जारी अलर्ट
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 20 और 21 मार्च को रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में ओलावृष्टि की संभावना को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा राज्य के 16 जिलों में तेज हवाओं और गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है. ये जिले हैं – पलामू, गढ़वा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, बोकारो, रामगढ़, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज.
जमशेदपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई, जिसमें गर्जन और आंधी का असर भी देखने को मिला. सबसे अधिक तापमान जमशेदपुर में 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इस दौरान मोहनपुर में 3.2 मिलीमीटर बारिश हुई, और जमशेदपुर, चाईबासा, तथा पाकुड़ में हीट वेव की चेतावनी जारी की गई.
बारिश के कारण तापमान में गिरावट
राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिली है. रांची का न्यूनतम तापमान 36.6 डिग्री, डालटनगंज का 27.6 डिग्री, बोकारो का 36.5 डिग्री, चाईबासा का 39.8 डिग्री, देवघर का 38.9 डिग्री, चतरा का 34.6 डिग्री, गढ़वा का 36.4 डिग्री, और गोड्डा का 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.