वॉशिंगटन: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आगामी G7 शिखर सम्मेलन के दौरान फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे. व्हाइट हाउस ने आधिकारिक रूप से इस मुलाकात की पुष्टि करते हुए बताया कि राष्ट्रपति ट्रंप सम्मेलन के अवसर पर कई देशों के प्रमुख नेताओं से अलग-अलग वार्ताएं करेंगे, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी भी शामिल हैं.
व्हाइट हाउस द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति ट्रंप फ्रांस में आयोजित G7 समिट में भाग लेने के लिए विशेष विमान से रवाना होंगे. सम्मेलन के दौरान वे वैश्विक आर्थिक विकास, आपूर्ति श्रृंखला की मजबूती, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), अवैध आव्रजन तथा नशीले पदार्थों की तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर G7 देशों के नेताओं के साथ विचार-विमर्श करेंगे.
ट्रंप की बैठकों की सूची में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की, कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी भी शामिल हैं.
फ्रांस पहुंचने के बाद ट्रंप सबसे पहले राष्ट्रपति मैक्रों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद G7 नेताओं के साथ विभिन्न सत्रों और बैठकों में भाग लेंगे. सम्मेलन के दौरान यूक्रेन संकट, वैश्विक निवेश साझेदारी, आर्थिक सुरक्षा और मध्य पूर्व से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी.
कार्यक्रम के अनुसार, ट्रंप कतर और यूएई के नेताओं के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ताएं करेंगे. इसके अलावा वे G7 नेताओं और मध्य पूर्वी देशों के प्रतिनिधियों के साथ कार्यकारी लंच में भी हिस्सा लेंगे, जहां अंतरराष्ट्रीय निवेश और आर्थिक सहयोग को बढ़ाने पर चर्चा होगी.
समिट के अंतिम चरण में राष्ट्रपति ट्रंप मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अलग-अलग द्विपक्षीय बैठक करेंगे. इसके बाद वे G7 नेताओं, आउटरीच साझेदार देशों और वैश्विक तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों के साथ नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर केंद्रित विशेष सत्र में शामिल होंगे.
फ्रांस यात्रा के समापन से पहले राष्ट्रपति ट्रंप वर्साय पैलेस में आयोजित एक विशेष रात्रिभोज में भी भाग लेंगे, जिसकी मेजबानी राष्ट्रपति मैक्रों करेंगे.













