बोकारो: धनबाद जिले से सटे बोकारो के गोमिया प्रखंड की बांध पंचायत में जमीन के भीतर से आग की लपटें निकलने का हैरान करने वाला मामला सामने आया. पलानी झिरकी हरिजन टोला के पास खुले मैदान में जमीन के नीचे से बुलबुलों के साथ आग निकलती दिखाई दी. बारिश के बावजूद मौके पर जमा पानी में लगातार बुलबुले उठते रहे, जिससे आसपास के लोगों में कौतूहल के साथ चिंता भी बढ़ गई.
जमीन के नीचे से निकलती दिखी आग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, खुले मैदान में जमा बारिश के पानी के बीच अचानक बुलबुले उठने लगे. कुछ स्थानों पर इन बुलबुलों के साथ आग की लपटें भी दिखाई दीं. पानी का तापमान सामान्य से अधिक महसूस होने और लगातार बुलबुले उठने की वजह से लोगों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी.
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी। स्थानीय स्तर पर आशंका जताई गई कि जमीन के नीचे से किसी ज्वलनशील गैस का रिसाव हो रहा है.
मिथेन गैस रिसाव की जताई जा रही आशंका
जानकारों के अनुसार, बोकारो और धनबाद के आसपास के कोयला क्षेत्र में भूमिगत गैसों की मौजूदगी पाई जाती है. ऐसे में गोमिया के इस इलाके में जमीन के नीचे से गैस निकलने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
धनबाद स्थित सीएमएफआरआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक टीबी सिंह के अनुसार, बोकारो के आसपास के क्षेत्रों में भूमिगत मिथेन गैस की मौजूदगी है. बोकारो के तलगड़िया क्षेत्र में मिथेन गैस के दोहन का काम भी किया जाता रहा है.
ऑक्सीजन के संपर्क में आने पर भड़क सकती है आग
विशेषज्ञों के मुताबिक, मिथेन एक अत्यधिक ज्वलनशील गैस है. जब यह गैस जमीन के भीतर से निकलकर हवा में मौजूद ऑक्सीजन के संपर्क में आती है, तो आग पकड़ सकती है.
गोमिया में हुई घटना को भी इसी संभावित प्रक्रिया से जोड़कर देखा जा रहा है. लगातार बारिश के कारण जमीन की ऊपरी परत में नमी बढ़ने और मिट्टी के ढीली होने से भूमिगत गैस को बाहर निकलने का रास्ता मिलने की संभावना जताई गई है. हालांकि, घटना के वास्तविक कारण की पुष्टि संबंधित विभाग की तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी.
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
जमीन से गैस निकलने और आग की लपटें दिखाई देने की स्थिति में लोगों को मौके के बेहद करीब जाने से बचना चाहिए. किसी भी तरह की आग जलाने, बीड़ी-सिगरेट पीने या अन्य ज्वलनशील गतिविधि से भी दूरी बनाए रखना जरूरी है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को मौके की जांच कराकर यह पता लगाना चाहिए कि जमीन के नीचे से किस प्रकार की गैस निकल रही है और उसका स्रोत क्या है. विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यहां मिथेन गैस का रिसाव हो रहा है या घटना के पीछे कोई अन्य भूगर्भीय कारण है.













