रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. बड़ी संख्या में छात्र धरने पर बैठे हैं और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और कथित गड़बड़ियों की CBI जांच की मांग कर रहे हैं. आंदोलन अब राज्यव्यापी मुद्दा बन चुका है और सरकार पर लगातार दबाव बढ़ रहा है.
इसी बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बड़ा बयान सामने आया है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार पूरे मामले पर गंभीरता से काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.
नेमरा से मुख्यमंत्री का संदेश- छात्रों को मिलेगा न्याय
अपने पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन को नेमरा में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरी सतर्कता के साथ काम कर रही है और छात्रों के हितों की रक्षा उसकी प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्रों को न्याय जरूर मिलेगा. सरकार सभी पहलुओं को गंभीरता से देख रही है और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.
‘सरकार की आंख और कान दोनों खुले हैं’
हेमंत सोरेन ने कहा कि वह पहले भी स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार को हर गतिविधि की जानकारी है. उन्होंने कहा कि सरकार की नजर हर पहलू पर है और वह किसी भी मुद्दे को हल्के में नहीं ले रही.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अपनी गंभीरता को शब्दों से नहीं, बल्कि कार्रवाई से साबित करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिस मामले को सरकार हाथ में लेती है, उसे अंजाम तक पहुंचाती है.
CID जांच अंतिम चरण में, जल्द होगा बड़ा फैसला
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे मामले की जांच तेजी से चल रही है. जांच एजेंसियां दिन-रात काम कर रही हैं और उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट मिलते ही सरकार छात्रों और राज्य की जनता के सामने पूरी कार्रवाई सार्वजनिक करेगी.
उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
छात्रों से संवाद पर भी सरकार का संकेत
छात्र प्रतिनिधियों से बातचीत या किसी सरकारी प्रतिनिधिमंडल को भेजने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं को उनका संवैधानिक अधिकार और न्याय मिलेगा. सरकार उचित समय पर सभी जरूरी कदम उठाएगी.
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों और उनकी चिंताओं को सरकार गंभीरता से सुन रही है और समय आने पर ठोस निर्णय लिया जाएगा.
अब तक क्या हुई कार्रवाई?
14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा में कथित धांधली की जांच CID कर रही है. अब तक इस मामले में JPSC के अधिकारियों समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. वहीं आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से भी कई दिनों तक पूछताछ की जा चुकी है.
दूसरी ओर, आंदोलन कर रहे छात्र JPSC और JSSC में व्यापक सुधार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा कथित अनियमितताओं की CBI जांच की मांग पर अड़े हुए हैं. ऐसे में राज्य सरकार की आगामी कार्रवाई पर छात्रों के साथ-साथ पूरे झारखंड की नजर बनी हुई है.













