रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा सोमवार को राजधानी रांची की सड़कों पर खुलकर सामने आया. बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर विधानसभा घेराव के लिए सड़क पर उतरे. प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘रोजगार दो’ जैसे नारे लगाते हुए अपना विरोध दर्ज कराया.
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. विधानसभा की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस की भारी तैनाती के साथ कई स्तरों पर बैरिकेडिंग की गई थी. हालांकि, प्रदर्शनकारी छात्रों की संख्या बढ़ने के साथ स्थिति तनावपूर्ण होती चली गई.
देवेंद्र महतो स्ट्रेचर पर पहुंचे विधानसभा का घेराव करने
पहली बैरिकेडिंग पर पुलिस और छात्रों में टकराव
जैसे ही छात्रों का हुजूम पहले सुरक्षा घेरे के पास पहुंचा, पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की. अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने और निर्धारित स्थान पर प्रदर्शन करने की अपील की.
लेकिन छात्र अपनी मांगों को लेकर पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हुए. इसी दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. देखते ही देखते आक्रोशित छात्रों ने पुलिस की पहली बैरिकेडिंग को बलपूर्वक हटा दिया और आगे बढ़ने लगे.
विधानसभा घेराव को लेकर प्रशासन अलर्ट
छात्रों के विधानसभा की ओर बढ़ने की कोशिश को देखते हुए प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में था. सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. अधिकारियों की कोशिश थी कि प्रदर्शनकारी विधानसभा परिसर की ओर न बढ़ सकें और स्थिति नियंत्रण से बाहर न जाए.













