रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी रहा। ‘JPSC-JSSC रिफॉर्म्स मंच’ के नेतृत्व में छात्रों और अभ्यर्थियों ने रांची में फूल लेकर मौन जुलूस निकाला.
यह मार्च जयपाल सिंह स्टेडियम से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा. प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी से दूरी बनाते हुए शांतिपूर्ण तरीके से भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और सुधार की मांग उठाई.
CBI जांच की मांग
छात्रों की प्रमुख मांगों में JPSC और JSSC की परीक्षा प्रक्रिया में सुधार, कथित अनियमितताओं वाली परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करना शामिल है. प्रदर्शनकारी मामलों की जांच CBI या राज्य के बाहर के हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पैनल से कराने की मांग कर रहे हैं.
छह छात्र भूख हड़ताल पर
आंदोलन के दौरान छह छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं. इनमें से दो की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. छात्रों का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता युवाओं के भविष्य और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के हित से जुड़ा मुद्दा है.
सरकार के साथ छठे दौर की वार्ता भी विफल
रविवार को छात्रों के प्रतिनिधियों और झारखंड सरकार के बीच छठे दौर की बातचीत हुई, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका. वार्ता बेनतीजा रहने के बाद छात्रों ने मंगलवार को मौन जुलूस के जरिए अपना विरोध दर्ज कराया.
छात्रों का कहना है कि उनका आंदोलन किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए है.













