महागामा: ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मेहरमा प्रखंड में 7 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इनमें लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित BDO-CO आवास, कर्मचारियों के आवास और प्रखंड परिसर के विकास कार्यों का उद्घाटन शामिल है. वहीं 25.73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले पार्किंग स्थल और 65.62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ईटहरी पंचायत के विवाह भवन का शिलान्यास किया गया.
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि बेहतर आधारभूत संरचना से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और आम लोगों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण सरकारी सेवाएं मिलेंगी. उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया.
दीपिका पांडेय सिंह ने बताया कि मेहरमा के भुस्खा पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य शुरू हो चुका है. साथ ही पंचायतों को सशक्त बनाने, लंबित वित्त आयोग की राशि उपलब्ध कराने और पेंशन, राशन, अबुआ आवास और मंईयां सम्मान योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि JSLPS के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है, जबकि पंचायत स्तर पर प्रमाण पत्र, पेंशन और अन्य सरकारी सेवाओं के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी जरूरतों के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े. मंत्री ने कहा कि सिंचाई, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं अपने इलाके में ही उपलब्ध हो सकें.













