दिल्ली के शाहदरा स्थित गगन विहार में 50 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति कमल सिंह (53) को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने हत्या के बाद घटनास्थल को आत्महत्या जैसा दिखाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में उसकी पूरी साजिश बेनकाब हो गई.
बेटे की सूचना से शुरू हुई जांच
30 जुलाई की रात महिला का शव घर में खून से लथपथ मिला. बेटे ने पुलिस को सूचना दी और शुरुआत से ही अपने पिता पर हत्या का शक जताया. मौके पर महिला के हाथ में खून से सनी कैंची रखी गई थी, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे.
CCTV और फॉरेंसिक से खुला राज
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के समय घर में केवल पति-पत्नी मौजूद थे. CCTV फुटेज में महिला की चीखें सुनाई दीं और बाद में आरोपी बैग लेकर घर से निकलता दिखाई दिया. इसी बैग से हत्या में इस्तेमाल की गई तलवार बरामद हुई.
‘The Staircase’ से मिला था आइडिया
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हॉलीवुड की क्राइम सीरीज The Staircase से प्रभावित था. उसने सोचा था कि असली हथियार छिपाकर और दूसरा हथियार मौके पर छोड़कर पुलिस को गुमराह कर देगा, लेकिन वैज्ञानिक जांच, CCTV फुटेज और फॉरेंसिक सबूतों ने उसकी पूरी योजना विफल कर दी.
प्रॉपर्टी विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस के मुताबिक, पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते आरोपी ने पहले से हत्या की योजना बनाई थी. फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ हत्या व सबूत मिटाने समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की जा रही है.













