कटिहार: बिहार के कटिहार में एक पति को लेकर उसकी दो पत्नियों के बीच सड़क पर हाईवोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. घटना नगर थाना क्षेत्र के रोजितपुर मोहल्ले की बताई जा रही है. दोनों महिलाएं पति पर अपना अधिकार जताते हुए उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश करती रहीं, जबकि आसपास लोगों की भीड़ जुट गई.
पहली शादी के बाद दूसरी महिला से संबंध
जानकारी के मुताबिक, मनिहारी थाना क्षेत्र के कुमारीपुर निवासी विक्की रविदास की शादी करीब डेढ़ साल पहले प्रियंका से हुई थी. बताया जा रहा है कि इससे पहले से ही विक्की का एक शादीशुदा महिला मुन्नी से संबंध था. मुन्नी छह बच्चों की मां है.
विक्की ने रोजितपुर में एक कमरा किराये पर ले रखा था, जहां वह मुन्नी से मिलने जाता था. मुन्नी का दावा है कि दोनों ने इसी कमरे में शादी भी की थी.
पति को लेकर दोनों पत्नियों में विवाद
पति के लगातार घर से दूर रहने पर प्रियंका को शक हुआ. जानकारी जुटाने के बाद वह रोजितपुर स्थित किराये के कमरे तक पहुंची, जहां उसने विक्की को मुन्नी के साथ देख लिया. इसके बाद दोनों महिलाओं के बीच विवाद शुरू हो गया और मामला सड़क तक पहुंच गया.
प्रियंका अपने पति को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ी रही, जबकि मुन्नी भी विक्की पर अपना अधिकार जताती नजर आई. इस दौरान काफी देर तक हंगामा चलता रहा और लोगों की भीड़ जमा हो गई.
दोनों पत्नियों को साथ रखने की बात
विक्की का कहना है कि उसने दोनों महिलाओं से शादी की है और वह दोनों को साथ रखना चाहता है. वहीं, मुन्नी ने आरोप लगाया कि उसका पहला पति शराब का आदी है और उसके साथ मारपीट करता है. उसने बताया कि विक्की पिछले करीब पांच वर्षों से उसके संपर्क में था.
घटना के दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात सामने आई है. फिलहाल मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.













