“तिरंगा हमारी शान है, राष्ट्र हमारा अभिमान है”
रांची: किशोरगंज स्थित एल. पी. पब्लिक स्कूल में राष्ट्रभक्ति और देशप्रेम की भावना को प्रबल करने के उद्देश्य से प्रार्थना सभा के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) वितरण एवं सामूहिक राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच तिरंगे का वितरण किया गया. इसके बाद सभी students ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति अपने सम्मान, गौरव और समर्पण की भावना व्यक्त की. विद्यालय परिसर में तिरंगे के साथ राष्ट्रगान का यह आयोजन विद्यार्थियों में देशभक्ति, एकता, अनुशासन एवं राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूकता पैदा करने का महत्वपूर्ण प्रयास रहा.
कार्यक्रम का आयोजन भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश के कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह ने किया. उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित यह पहल विद्यार्थियों के बीच राष्ट्रध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है.
रमेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रध्वज केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि हमारे गौरव, त्याग, एकता और स्वाभिमान का प्रतीक है. नई पीढ़ी में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना हम सभी का दायित्व है. ऐसे कार्यक्रम बच्चों को देश की एकता और अखंडता के महत्व से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
तिरंगे के तीनों रंग और अशोक चक्र हमें साहस, शांति, समृद्धि तथा निरंतर प्रगति का संदेश देते हैं. विद्यार्थियों के हाथों में तिरंगा और सामूहिक रूप से गूंजता राष्ट्रगान निश्चित रूप से पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना से भर दिया.
यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में यह संदेश स्थापित करेगा कि राष्ट्रप्रेम केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और देश की प्रगति में योगदान देने की भावना है.
तिरंगा हमारी शान है,
राष्ट्र हमारा अभिमान है…..
आइए, तिरंगे का सम्मान करें और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सदैव सर्वोपरि रखें.













