नई दिल्ली: 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की घोषणा की है. NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने बताया कि 3 मई को हुई परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के बाद इस बार परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए अभूतपूर्व कदम उठाए गए हैं. पहली बार परीक्षा प्रबंधन में पैरामिलिट्री बलों और भारतीय वायुसेना का सहयोग लिया जा रहा है.
NTA के Director General अभिषेक सिंह ने कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर उनके अनुवाद, मुद्रण, पैकिंग और विभिन्न परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया को अत्यधिक सुरक्षित बनाया गया है. उन्होंने बताया कि NTA के इतिहास में पहले कभी सुरक्षा के इतने व्यापक इंतजाम नहीं किए गए थे.
उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए पैरामिलिट्री फोर्स, भारतीय वायुसेना, स्थानीय पुलिस, 100 प्रतिशत CCTV निगरानी और GPS आधारित ट्रैकिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है. साथ ही परीक्षा संचालन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो सके.
NTA प्रमुख के अनुसार, समय की कमी को देखते हुए लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए एयरफोर्स की सहायता ली जा रही है. उन्होंने बताया कि सामान्य परिस्थितियों में ऐसी परीक्षा आयोजित करने की प्रक्रिया लगभग पांच महीने तक चलती है, लेकिन इस बार इसे केवल 37 दिनों के भीतर पूरा किया जा रहा है ताकि शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो.
उन्होंने बताया कि परीक्षा की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से NTA ने इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से अनुरोध किया है कि 22 जून तक भारत में टेलीग्राम की पहुंच अस्थायी रूप से प्रतिबंधित की जाए.













